GTA 6 Release Date: गेमिंग की दुनिया में ग्रैंड थेफ्ट ऑटो यानी GTA किसी पहचान का मोहताज नहीं है। करीब तीन दशक से गेमर्स के बीच अपनी अलग जगह बनाए रखने वाली यह फ्रेंचाइजी अब अपने अगले बड़े अध्याय यानी Grand Theft Auto 6 (GTA 6) के साथ वापसी के लिए तैयार है। रॉकस्टार गेम्स के मुताबिक, GTA 6 को 19 नवंबर 2026 को PlayStation 5 और Xbox Series S/X के लिए लॉन्च किया जाएगा।
गेम के रिलीज होने में अभी वक्त है, लेकिन इसका क्रेज पहले से ही चरम पर पहुंच चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, GTA 6 को लॉन्च से पहले ही 50 लाख से ज्यादा प्री-ऑर्डर मिल चुके हैं। वहीं, इसके हालिया एक्सटेंडेड लुक/गेमप्ले ट्रेलर ने भी जबरदस्त प्रतिक्रिया हासिल की है। नेटफ्लिक्स पर जारी इस वीडियो को कुछ ही दिनों में करीब 3.11 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर GTA में ऐसा क्या है, जो दशकों बाद भी दुनियाभर के गेमर्स को अपनी ओर खींचता है?
1997 में हुई थी GTA की शुरुआत
Grand Theft Auto की कहानी आज से करीब तीन दशक पहले शुरू हुई थी। साल 1997 में पहला GTA गेम सामने आया था। उस समय यह एक 2D गेम था और इसमें खिलाड़ियों को ऊपर से नीचे की ओर दिखाई देने वाला गेमप्ले मिलता था।
इसके बाद साल 2001 में Grand Theft Auto III की एंट्री ने पूरी गेमिंग इंडस्ट्री का अंदाज बदल दिया। इस गेम के जरिए खिलाड़ियों को 3D ओपन-वर्ल्ड का ऐसा अनुभव मिला, जो उस दौर में काफी अलग और क्रांतिकारी माना गया।
इसके बाद Vice City और San Andreas जैसे टाइटल्स ने GTA की लोकप्रियता को दुनिया भर में और मजबूत कर दिया। वहीं, GTA IV (2008) और GTA V (2013) ने ग्राफिक्स, कहानी और गेमप्ले के स्तर पर फ्रेंचाइजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
आखिर GTA इतना लोकप्रिय क्यों है?
GTA की सफलता के पीछे सबसे बड़ा कारण इसका Open World गेमप्ले माना जाता है। आमतौर पर कई गेम्स खिलाड़ियों को एक निर्धारित रास्ते या मिशन के हिसाब से आगे बढ़ाते हैं, लेकिन GTA में ऐसा नहीं है।
गेमर को गेम की दुनिया में काफी ज्यादा आजादी मिलती है। वह अपनी पसंद के मुताबिक शहर में घूम सकता है, अलग-अलग गाड़ियां चला सकता है, मिशन कर सकता है, पुलिस से बच सकता है या बिना किसी खास मकसद के सिर्फ गेम की दुनिया को एक्सप्लोर कर सकता है।
फिल्म जैसी कहानी और एक्शन
GTA के मिशन और स्टोरीलाइन भी इसकी लोकप्रियता का बड़ा कारण हैं। क्राइम, एक्शन, कॉमेडी, ड्रामा, रेसिंग और यादगार डायलॉग्स का मिश्रण गेम को किसी बड़ी हॉलीवुड क्राइम-थ्रिलर जैसा अनुभव देता है।
यही वजह है कि GTA सिर्फ एक गेम नहीं रह गया, बल्कि गेमिंग के साथ-साथ पॉप कल्चर का भी हिस्सा बन चुका है।
रेडियो स्टेशन ने बनाया गेम को और खास
GTA की दुनिया में मौजूद अलग-अलग रेडियो स्टेशन और म्यूजिक भी गेमिंग अनुभव को खास बनाते हैं। खिलाड़ी जब गेम की दुनिया में गाड़ी चलाता है, तो रेडियो के जरिए उसे अलग-अलग तरह का संगीत और कंटेंट सुनने को मिलता है।
इसके अलावा 2013 में GTA Online के आने के बाद फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता और तेजी से बढ़ी। इसमें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के खिलाड़ी ऑनलाइन एक साथ गेम खेल सकते हैं। यही मल्टीप्लेयर अनुभव GTA को लंबे समय तक खिलाड़ियों से जोड़े रखने में अहम साबित हुआ।
GTA 5 ने बनाए थे कई बड़े रिकॉर्ड
GTA V की सफलता को अगर आंकड़ों में देखा जाए तो यह किसी बड़ी हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर से कम नहीं रही। साल 2013 में लॉन्च हुए GTA 5 ने पहले ही 24 घंटे में 1.12 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बेच दी थीं।
इस दौरान गेम ने करीब 815.7 मिलियन डॉलर की कमाई की थी। इतना ही नहीं, रिलीज के महज तीन दिनों के भीतर GTA 5 ने 1 बिलियन डॉलर की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया था।
इस जबरदस्त प्रदर्शन के चलते GTA 5 ने Guinness World Records में छह रिकॉर्ड अपने नाम किए। इनमें 24 घंटे के भीतर सबसे ज्यादा बिकने वाला वीडियो गेम और सबसे तेजी से 1 बिलियन डॉलर की कमाई करने वाला एंटरटेनमेंट प्रोडक्ट जैसे रिकॉर्ड शामिल रहे।
22.5 करोड़ से ज्यादा GTA 5 की बिक्री
GTA 5 की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 2026 की शुरुआत तक इसकी दुनियाभर में 22.5 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी थीं।
वहीं, पूरी Grand Theft Auto फ्रेंचाइजी की बिक्री 47 करोड़ से ज्यादा गेम्स तक पहुंच चुकी है। यह आंकड़ा बताता है कि GTA सिर्फ एक सफल गेम सीरीज नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी और प्रभावशाली गेमिंग फ्रेंचाइजी में से एक है।
GTA 6 से क्यों हैं इतनी बड़ी उम्मीदें?
अब गेमर्स की निगाहें GTA 6 पर टिकी हुई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉन्च से पहले ही गेम को करीब 50 लाख प्री-ऑर्डर मिल चुके हैं। इन प्री-ऑर्डर्स के जरिए रॉकस्टार गेम्स को रिलीज से पहले ही लगभग 446 मिलियन डॉलर की कमाई होने की बात कही जा रही है।
GTA 6 में इस बार Jason और Lucia दो प्रमुख किरदार होंगे। दोनों की कहानी गेम के मिशन और घटनाक्रम के केंद्र में रहने की उम्मीद है।
क्या GTA 6 तोड़ेगा पुराने रिकॉर्ड?
GTA की पिछली किस्तों ने बिक्री और कमाई के मामले में पहले ही कई बड़े रिकॉर्ड कायम किए हैं। ऐसे में GTA 6 के सामने भी उम्मीदों का स्तर काफी ऊंचा है।
19 नवंबर 2026 को जब यह गेम PlayStation 5 और Xbox Series S/X पर रिलीज होगा, तब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या GTA 6 अपने पूर्ववर्ती GTA 5 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाता है और गेमिंग इंडस्ट्री में नए बेंचमार्क स्थापित करता है।
GTA की लगभग तीन दशक लंबी यात्रा यह दिखाती है कि शानदार ओपन वर्ल्ड, मजबूत कहानी, आजादी और लगातार विकसित होता ऑनलाइन अनुभव किसी गेम को कितने लंबे समय तक लोकप्रिय बनाए रख सकता है।