Meta Pixel

ट्रेड अप्रेंटिस के लिए बीएमडीसी द्वारा “बीएमडीसी प्राइड प्रतियोगिता” के द्वितीय संस्करण का आयोजन

Spread the love

भिलाई प्रबंधन विकास केंद्र (बीएमडीसी) द्वारा ट्रेड अप्रेंटिस के बीच सीखने, नवाचार, आत्मविश्वास तथा व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘बीएमडीसी प्राइड प्रतियोगिता’ के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता ने ट्रेड अप्रेंटिस को बीएमडीसी में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों, अर्जित सीख तथा योगदान को प्रस्तुत करने के लिए एक मंच प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य अप्रेंटिस के बीच ज्ञान साझा करने, कौशल विकास तथा प्रदर्शन आधारित सहभागिता को बढ़ावा देना है। प्रत्येक चक्र के विजेता को ‘बीएमडीसी प्राइड’ की उपाधि के साथ चलित प्राइड बैज — परफॉर्मेंस, रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड इनिशिएटिव इन डेवलपमेंट एक्सीलेंस, प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान किया जाता है।

प्रतियोगिता की परिकल्पना बीएमडीसी के महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) श्री सौरभ वर्ष्णेय द्वारा की गई। इसे विभागाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर-एलएंडडी) श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव का अनुमोदन एवं आवश्यक सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें उप महाप्रबंधक (एएंडडी) सुश्री स्वाति प्रदीप, सहायक महाप्रबंधक (एसपी-3) श्री अरुणेश शर्मा एवं उप प्रबंधक (पीआरडी) सुश्री शालिनी चौरसिया शामिल थे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन नवाचार, सीख, कार्य निष्पादन, ज्ञान साझाकरण, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं आत्मविश्वास जैसे विभिन्न मानकों पर किया गया।

सुश्री वैभव लक्ष्मी दुबे ने ‘बीएमडीसी प्राइड प्रतियोगिता’ के द्वितीय संस्करण में विजेता बनकर ‘बीएमडीसी प्राइड’ की प्रतिष्ठित उपाधि हासिल की। सुश्री कावेरी सिंधे प्रथम उपविजेता तथा सुश्री महिमा ठाकुर द्वितीय उपविजेता रहीं।

आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उपविजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन श्री के. शिवा ने किया।

प्रतियोगिता ने ट्रेड अप्रेंटिस को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने, अपने सीख एवं अनुभव साझा करने तथा आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान किया। ‘बीएमडीसी प्राइड प्रतियोगिता’ का द्वितीय संस्करण युवा प्रतिभाओं के विकास, सीखने एवं उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा प्रशिक्षुओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को पहचान एवं प्रोत्साहन देने की बीएमडीसी की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *