पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी में 3 नवंबर को होने वाले 7वें दीक्षांत समारोह में 72 विद्यार्थियों को 119 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। लेकिन 750 सीटों वाला ऑडिटोरियम अब तक तैयार नहीं हुआ है। ऐसे में समारोह के लिए टेंट और दूसरी अस्थायी व्यवस्थाएं करनी पड़ रही हैं, जिन पर करीब 20 लाख रुपए खर्च होंगे। जिस भवन को हर साल आयोजनों में टेंट लगाने का खर्च बचाने के लिए बनाया जा रहा था, वह समय पर पूरा नहीं हो सका। ऑडिटोरियम का भूमिपूजन 1 मई 2022 को हुआ था और निर्माण मई 2024 तक पूरा होना था। शिक्षा संकाय और ऑडिटोरियम वाली इस परियोजना की कुल लागत करीब 27 करोड़ रुपए है। ऑडिटोरियम के सिविल वर्क की लागत 18.26 करोड़ रुपए तय की गई थी।
टेंट और खाने के टेंडर में 29 लाख रुपए
दीक्षांत समारोह की तैयारियां करीब एक महीने से चल रही हैं। ऑडिटोरियम तैयार नहीं होने के कारण टेंट में आयोजन करना पड़ रहा है। टेंट और खाने के लिए 29 लाख रुपए का टेंडर होने की बात भी सामने आई है। यह स्पष्ट करना जरूरी है कि इसमें कौन-कौन से खर्च शामिल हैं, क्योंकि अस्थायी व्यवस्थाओं पर करीब 20 लाख रुपए खर्च होने की जानकारी भी दी गई है।
भवन तैयार, अंदर हॉल की छत अधूरी
ऑडिटोरियम की इमारत बाहर से लगभग तैयार है, लेकिन अंदर मुख्य हॉल की छत का काम नहीं हुआ है। हाउसिंग बोर्ड ने निर्माण पूरा करने के लिए करीब 2 करोड़ रुपए अतिरिक्त मांगे थे। काम पूरा करने 95 लाख रुपए देने की बात सामने आई। विवि का कहना है कि राशि दी जा चुकी है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ।
काम होना बाकी
हाउसिंग बोर्ड के सब इंजीनियर मलिक पैकरा ने कहा कि राशि दी गई है, आगे काम शुरू होगा। ओपन यूनिवर्सिटी के कुलसचिव चंद्रभूषण मिश्रा ने कहा कि कागज देखकर ही पूरी जानकारी दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि जो राशि देनी थी, वह दी जा चुकी है और अब काम होना बाकी है।