Meta Pixel

जमीन का 60 लाख रुपए में सौदा:35 लाख लेकर दूसरे को बेची, 2 पर केस; झांसे में लेकर विवाद सुलझाने के नाम पर भी ली रकम

Spread the love

60 लाख रुपए में जमीन का सौदा कर कारोबारी से 35 लाख एडवांस लेने के बाद जमीन दूसरे व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री करा दी गई। आरोप है कि पुराने विवाद को सुलझाने के नाम पर भी रकम ली गई।

विवाद खत्म होने के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया, लेकिन न जमीन मिली और न रकम लौटाई गई। तेलीबांधा पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, वीआईपी रोड निवासी अधिवक्ता शिखर चतुर्वेदी ने शिकायत की है कि विजय सहजवानी ने उन्हें महासमुंद के पिरदा में जमीन दिखाई थी। सौदा 60 लाख रुपए में तय हुआ। जमीन का बैनामा राकेश अग्रवाल के नाम था।

राकेश और श्याम जसवानी के बीच न्यायालय में लेन-देन का विवाद चल रहा था। इससे जमीन का प्रमाणीकरण नहीं हो पा रहा था। विवाद सुलझाने के लिए 18 सितंबर 2024 को राकेश के खाते में एनईएफटी से 10 लाख रुपए जमा कराए गए। इसके बाद 14 जनवरी 2025 को श्याम जसवानी के लिए 10 लाख नकद और 14 मई को अन्य खर्चों के नाम पर 15 लाख रुपए दिए गए।

रकम कपिलेश्वर बाघ और शिकायतकर्ता के पिता मेहर पाल चतुर्वेदी की मौजूदगी में दी गई। विवाद खत्म होने के बाद विजय ने 9 जून 2025 को जमीन सुनील नंदलाल सुखरमानी के नाम रजिस्ट्री करा दी। विजय सहजवानी व राकेश अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *