बलौदाबाजार – बलौदाबाजार में करंट हादसे ने एक ही परिवार को उजाड़ दिया। घर में सफाई के दौरान करंट की चपेट में आए प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता की पत्नी वर्षा गुप्ता का भी शनिवार 7 नवंबर को इलाज के दौरान निधन हो गया। वर्षा गुप्ता रायपुर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थीं। शनिवार की दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।
सफाई के दौरान लोहे के पाइप से लगा करंट
बता दें कि, घर में सफाई के दौरान लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित होने से कारोबारी राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और 22 वर्षीय पुत्र मोनू गुप्ता करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों हादसे का शिकार हो गए थे।
शहर में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे में शुक्रवार को राकेश गुप्ता और उनके पुत्र मोनू गुप्ता की मौत हो गई थी। वहीं आज वर्षा गुप्ता ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से पूरे बलौदाबाजार शहर में शोक की लहर है। घटना से कारोबारी जगत सहित शहरवासी स्तब्ध हैं।