भिलाई इस्पात संयंत्र के सर्विसेस जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विभागों में (ईएमडी, एमआरडी, आरएमडी, पीपीसी, सीसी (डब्ल्यू) एवं एनबीडी) एवं फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के लिए कर्म शिरोमणि पुरस्कार समारोह का आयोजन संयंत्र भवन स्थित मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) के सभागार में किया गया। समारोह में सुरक्षा मानदंडों का पालन करते हुए उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को कर्म शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर फायर ब्रिगेड के श्री मनोज कुमार सोनी, एमआरडी के श्री मनीष श्रीवास्तव, पीपीसी के श्री आदित्य वैद्य एवं सीबीडी की सुश्री ऊषा महोबे को कर्म शिरोमणि पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मानित कर्मचारियों को उपहार एवं प्रमाण पत्र के साथ-साथ उनके जीवनसाथियों के लिए प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए गए।
कर्म शिरोमणि पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा मानदंडों का पालन करते हुए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर संगठन के उद्देश्यों की प्राप्ति में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मठ एवं सृजनशील कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) श्री प्रवीण राय भल्ला ने अपने संबोधन में सर्विसेस के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विभागों की कार्य संबंधी चुनौतियों एवं सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने तथा अपने सहकर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों को बधाई दी और उन्हें इसी लगन एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहने तथा अपने सहकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही कार्यक्षेत्र में नवाचार एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एमआरडी) श्री हरीश सचदेव, मुख्य महाप्रबंधक (सीबीडी) श्री श्रीनिवास सेशु सी., कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (ईएमडी) श्री सी. चन्द्रशेखर, अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री संजय धवस एवं महाप्रबंधक (आरएमडी) श्री पी डी सहाय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन-सेवाएं) डॉ. उपेंद्र कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मानव संसाधन-सेवाएं कार्यालय के श्री नीरज गुप्ता, श्री बीरेन्द्र उराँव एवं श्री हरिन्दर का विशेष योगदान रहा।