रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र साइबर ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन तय समय पर वह जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हुए। इसके बाद महाराष्ट्र साइबर ने उन्हें दोबारा समन जारी किया है।
कॉन्सर्ट की टिप्पणी को लेकर दर्ज हुई शिकायत
मामला एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह की कथित टिप्पणी से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम में उन्होंने सर्दी के मौसम में कार में शारीरिक संबंध बनाने को लेकर आपत्तिजनक बात कही थी। इसी टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई और महाराष्ट्र साइबर ने मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ के लिए समन जारी होने के बावजूद हनी सिंह निर्धारित समय पर जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। अब महाराष्ट्र साइबर ने उन्हें दोबारा समन जारी किया है।
पहले भी अश्लील कंटेंट को लेकर विवाद
हनी सिंह इससे पहले भी अपने गानों और कथित आपत्तिजनक बोलों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। उनके एक गाने से जुड़ा मामला दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है।
मई में दिल्ली हाई कोर्ट ने एक संगठन की याचिका पर हनी सिंह को हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2025 में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए उनके कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कथित आपत्तिजनक गाने की कुछ पंक्तियां गाई थीं।
‘Volume 1’ को लेकर भी कोर्ट पहुंचा था मामला
इससे पहले 2 अप्रैल को दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को हनी सिंह के गाने ‘Volume 1’ से जुड़े इंटरनेट पर उपलब्ध URL हटाने के निर्देश दिए थे। सुनवाई के दौरान अदालत ने गाने की भाषा को अश्लील और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया था।
याचिकाकर्ता संगठन हिंदू शक्ति दल की ओर से अदालत में दलील दी गई थी कि यह गाना सोशल मीडिया और वीडियो प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध है और इसे कम उम्र के बच्चे भी देख सकते हैं। इसी आधार पर गाने को YouTube और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की गई थी।
फिलहाल महाराष्ट्र साइबर की जांच जारी है और हनी सिंह के दोबारा समन पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है।