Meta Pixel

पुष्य नक्षत्र आज : सराफा, ऑटो, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा बाजार को अच्छे कारोबार की उम्मीद

Spread the love

रायपुर। प्रदेश में रविवार को पुष्य नक्षत्र पर राजधानी रायपुर के साथ ही प्रदेश के हर छोटे से लेकर बड़े शहरों में सुबह से लैकर रात तक सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और कपड़ों की दुकानों में जमकर खरीदारी होगी। एक ही दिन में दो हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है। सबसे बड़ा कारोबार सराफा में होगा। 

त्योहारी सीजन में बाजारों पर बरसेगा धन
इसमें आठ सौ से हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल में करीब पांच सौ करोड़ का  कारोबार होगा। कपड़ों का दो सौ करोड़ और ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब दो सौ करोड़ का कारोबार होने की संभावना है। इसके अलावा रियल एस्टेट, बर्तन, फर्नीचर को मिलाकर सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार होगा।

एक दिन में 1000 करोड़ तक कारोबार की उम्मीद
इस समय सोने की कीमत लगातार कम हो रही है, लेकिन इसके बाद भी इसके दाम ज्यादा हैं। सोना इस समय डेढ़ लाख से कम और चांदी दो लाख से कम है। प्रदेशभर में सराफा बाजार में ही सबसे बड़ा कारोबार होगा। राजधानी रायपुर के सराफा बाजार के साथ ही प्रदेश के बड़े शहरों बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव सहित सभी बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों में सराफा बाजार गुलजार रहेगा। सराफा कारोबारियों के मुताबिक एक दिन में 800 से 1000 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। सराफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण लाहोटी के मुताबिक भारी संख्या में ग्राहकों ने पहले से बुकिंग भी की है।

कपड़ा बाजार भी रहेगा गुलजार
कपड़ों का बाजार तो नवरात्रि के समय से ही गुलजार है। यहां लगातार खरीदारी हो रही है। पुष्य नक्षत्र पर भी बाजार गुलजार रहेगा। पंडरी कपड़ा बाजार एसोसिएशन के संरक्षक चंदर विधानी के मुताबिक राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश के कई शहरों के ग्राहक भी खरीदारी करने के लिए लगातार आ रहे हैं। दीपावली के बाद शादियों का सीजन भी रहेगा, ऐसे में पुष्य नक्षत्र में प्रदेशभर में दो सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार रेडीमेड को मिलाकर होने का अनुमान है।

मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स में 500 करोड़ का कारोबार
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी जमकर खरीदारी होगी। महंगे मोबाइल के साथ ही कम कीमत के मोबाइल भी बिकेंगे। इसी के साथ इलेक्ट्रॉनिक आइटमों में बड़ी स्क्रीन वाली एलईडी का ज्यादा क्रेज है। इसमें ऑफर के कारण इसकी बिक्री ज्यादा होने की संभावना है। वाशिंग मशीन, एसी, फ्रीज से लेकर होम थियेटर सहित कंप्यूटर और अन्य आइटमों की भी भारी बिक्री होगी। कारोबारी राजेश वासवानी के मुताबिक पुष्य नक्षत्र में एक ही दिन में पांच सौ करोड़ के कारोबार की संभावना. है। धनतेरस तक प्रदेशभर में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान को मिलाकर दो हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *