बालोद। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड पर इरागुड़ा के पास रेलवे ट्रैक धंसने के बाद बाधित रेल यातायात को बहाल करने की दिशा में बड़ी राहत मिली है। रेलवे की टीम ने करीब 30 घंटे तक लगातार काम करने के बाद ट्रैक को दुरुस्त किया। इसके बाद रविवार सुबह करीब 6:45 बजे इस मार्ग से पहली यात्री ट्रेन को ट्रायल के तौर पर गुजारा गया।
ट्रैक की मजबूती जांचने के बाद आगे का फैसला
लाटाबोड़ और गुंडरदेही स्टेशन के बीच इरागुड़ा के पास ट्रैक धंसने की घटना के बाद रेलवे ने यात्री ट्रेनों का संचालन रोक दिया था। लगातार बारिश के कारण सामने आई इस समस्या को दूर करने के लिए रेलवे की टीम ने दिन-रात काम किया। ट्रायल ट्रेन के गुजरने के बाद अब ट्रैक की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यदि ट्रैक सुरक्षित और स्थिर पाया जाता है तो अन्य यात्री ट्रेनों का परिचालन भी दोबारा शुरू किया जा सकता है।
हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत
इस रेलखंड से बालोद समेत बस्तर क्षेत्र के बड़ी संख्या में यात्री रोजाना सफर करते हैं। नौकरी, कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के लिए ट्रेन पर निर्भर रहने वाले यात्रियों को ट्रेनों के बंद होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में यात्री ट्रेन सेवा बहाल होने से हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
डीआरएम भी मौके पर रहे मौजूद
रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे के डिवीजनल मैनेजर घटना की रात से ही मौके पर मौजूद रहे और मरम्मत कार्य की निगरानी करते रहे। करीब 30 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक को यात्री ट्रेन के ट्रायल के लिए तैयार किया गया।
अब यात्री ट्रेनों के संचालन का इंतजार
सुबह पहली यात्री ट्रेन के सफल ट्रायल के बाद अब यात्रियों की नजर नियमित रेल सेवा बहाल होने पर है। ट्रैक की स्थिति की जांच के बाद रेलवे की ओर से अन्य यात्री ट्रेनों के संचालन को लेकर फैसला लिया जा सकता है।