जब कुछ जल्दी बनने वाला, हेल्दी और स्वाद से भरपूर स्नैक खाने का मन हो, तो पोहा सूजी कटलेट एक बेहतरीन विकल्प बन जाता है। बाहर से कुरकुरा और अंदर से सॉफ्ट यह कटलेट न सिर्फ स्वाद में शानदार होता है, बल्कि पेट के लिए भी हल्का रहता है। सर्दियों के मौसम में गरमागरम स्नैक की चाह और बढ़ जाती है, ऐसे में यह रेसिपी आपके नाश्ते या शाम की चाय को खास बनाने के लिए एकदम परफेक्ट है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें लगने वाली सारी सामग्री भी आसानी से घर में मिल जाती है।
इस कटलेट को तैयार करने के लिए सबसे पहले पोहा को छलनी में डालकर हल्के हाथ से पानी से धो लें और कुछ मिनट के लिए अलग रख दें, ताकि वह नरम हो जाए। दूसरी ओर सूजी को एक बाउल में थोड़ा पानी डालकर भिगो दें, जिससे वह फूल जाए और मुलायम बन जाए। अब एक बड़े बर्तन में उबले हुए आलुओं को अच्छी तरह मैश करें। इसमें नरम हुआ पोहा और भीगी हुई सूजी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक मिलाएं। इस पूरे मिश्रण को अच्छी तरह गूंथ लें ताकि सारे मसाले बराबर में मिल जाएं। मिश्रण को सही से बांधने के लिए इसमें कॉर्नफ्लोर मिलाना जरूरी होता है, जिससे कटलेट फ्राई करते समय टूटे नहीं।
अब इस तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लें और अपनी पसंद के अनुसार गोल, अंडाकार या दिल के आकार में कटलेट बना लें। इन्हें ब्रेडक्रम्स में अच्छे से लपेट लें, ताकि तलते समय ये बाहर से अच्छे से क्रिस्पी बनें। इसके बाद कड़ाही में हल्का तेल गर्म करें और मीडियम आंच पर कटलेट को शैलो फ्राई करें। इन्हें धीरे-धीरे पलटते रहें, ताकि दोनों तरफ से ये सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं। अगर आप चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर में भी बना सकते हैं, जिससे ये और ज्यादा हेल्दी हो जाएंगे।
तैयार कटलेट को गरमागरम हरी चटनी, टमाटर केचप या मस्टर्ड डिप के साथ परोसें। चाय या कॉफी के साथ इनका स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाता है। यह ऐसा स्नैक है, जिसे बच्चे बड़े सभी बड़े चाव से खाते हैं और बार-बार इसकी फरमाइश करते हैं। अगर आप भी रोज के नाश्ते से कुछ अलग और मजेदार बनाना चाहते हैं, तो पोहा सूजी कटलेट की यह आसान रेसिपी जरूर आजमाएं।