Meta Pixel

गर्मियों में वर्कआउट करते समय बरतें सावधानी, इन संकेतों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज

Spread the love

भीषण गर्मी के बीच फिटनेस बनाए रखना आसान नहीं होता। इस मौसम में शरीर जल्दी थक जाता है, ज्यादा पसीना आता है और डिहाइड्रेशन का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में बिना तैयारी या गलत समय पर एक्सरसाइज करना शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि गर्मियों में वर्कआउट का तरीका, समय और डाइट बदलना बेहद जरूरी है, वरना हीट स्ट्रोक, चक्कर, कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मियों में एक्सरसाइज करने का सबसे सुरक्षित समय सुबह 5 बजे से 8 बजे तक या फिर शाम 6 बजे के बाद माना जाता है। इस दौरान तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है, जिससे शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता। वहीं दोपहर के समय वर्कआउट करना खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि तेज गर्मी में शरीर तेजी से ओवरहीट होने लगता है।

डॉक्टरों का कहना है कि गर्मियों में वर्कआउट का समय 30 से 45 मिनट तक सीमित रखना चाहिए। लंबे और हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट की बजाय हल्की एक्सरसाइज, वॉकिंग, जॉगिंग, योगा और स्ट्रेचिंग जैसे विकल्प ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं। साथ ही हफ्ते में 1 से 2 दिन शरीर को रिकवरी के लिए आराम देना भी जरूरी है।

गर्मी में शरीर कई ऐसे संकेत देता है जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। अगर एक्सरसाइज के दौरान चक्कर आने लगें, सिर दर्द हो, बहुत ज्यादा पसीना आए, सांस फूलने लगे, दिल की धड़कन तेज हो जाए, कमजोरी महसूस हो, मांसपेशियों में ऐंठन हो या उल्टी जैसा महसूस हो तो तुरंत वर्कआउट रोक देना चाहिए। ये संकेत शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी या हीट एग्जॉशन की तरफ इशारा कर सकते हैं।

डॉक्टरों की सलाह है कि वर्कआउट शुरू करने से पहले शरीर को अच्छी तरह हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। एक्सरसाइज से पहले 1 से 2 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। वर्कआउट के दौरान हर 15 से 20 मिनट में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना चाहिए और बाद में भी शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है। सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स भी शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।

खानपान को लेकर भी खास सावधानी बरतने की जरूरत होती है। खाली पेट वर्कआउट करना गर्मियों में नुकसानदायक हो सकता है। एक्सरसाइज से करीब आधे घंटे पहले केला, भीगे बादाम या हल्का स्नैक लेना बेहतर माना जाता है। वहीं वर्कआउट के बाद प्रोटीन और पर्याप्त पानी लेना शरीर की रिकवरी में मदद करता है।

गर्मियों में कपड़ों का चुनाव भी बहुत अहम होता है। एक्सरसाइज करते समय हल्के रंग के ढीले और ब्रीदेबल कपड़े पहनने चाहिए ताकि पसीना जल्दी सूख सके और शरीर ज्यादा गर्म न हो। अगर जिम में सही वेंटिलेशन या कूलिंग नहीं है, तो घर पर या किसी ठंडी जगह पर वर्कआउट करना ज्यादा सुरक्षित हो सकता है।

विशेषज्ञों का साफ कहना है कि गर्मी में फिटनेस बनाए रखना जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है शरीर की सुरक्षा। सही समय, सही डाइट, पर्याप्त पानी और शरीर के संकेतों को समझकर ही गर्मियों में सुरक्षित तरीके से वर्कआउट किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *